संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में ज्येष्ठ रविवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन किए।
चैत्र मास मेलों के समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में बालयोगी के दरबार में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास द्वारा मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया था। सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालु कतारों में खड़े हो गए थे।
बाबा की आरती के बाद श्रद्धालुओं ने एक-एक कर दर्शन किए। दिनभर मंदिर परिसर बाबा बालकनाथ की जय के जयकारों से गूंजता रहा।
महिलाओं ने चबूतरे से गुफा के दर्शन किए। पूरा दिन श्रद्धालु बाबा की महिमा का गुणगान करते रहे। मंदिर में आरती हॉल, गुफा और मुख्य द्वार तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
भीड़ को नियंत्रित करने में मंदिर न्यास के सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। न्यास प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिवार रात से ही मंदिर को खुला रखा था, जिसके चलते पहले से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। शाम 4 बजे तक भी श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें बनी रहीं।
वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।