हमीरपुर। हमीरपुर शहर में दिन के समय प्रवेश करना एक टैंपो चालक को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर करीब 20 हजार रुपये का चालान किया।
जयपुर से सामान लेकर आया चालक डांगक्वाली से होते हुए दयानंद चौक और फिर कोर्ट रोड तक पहुंच गया। शहर में दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर पहले से प्रतिबंध है, लेकिन चालक को इसकी जानकारी नहीं थी। प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करते ही यातायात पुलिस ने उसे रोक लिया और कार्रवाई की।
चालक का कहना था कि वह बाहरी राज्य से आया है और स्थानीय नियमों से अनजान था। वहीं, स्थानीय लोगों ने शहर के प्रवेश द्वारों पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि ऐसे मामलों से बचा जा सके।
पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि किसी भी शहर में प्रवेश से पहले वहां के यातायात नियमों की जानकारी अवश्य लें, ताकि जुर्माने और अन्य परेशानियों से बचा जा सके।
कोट
नियमों की अवहेलना पर यातायात पुलिस समय-समय पर चालान करती रहती है। इसलिए किसी भी परेशानी से बचने के लिए वाहन चालक यातायात नियमों का पालन जरूर करें।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर