सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान में घास की कटाई के दौरान मशीन से उछला पत्थर सड़क किनारे खड़ी कार के शीशे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का शीशा चकनाचूर हो गया।
विज्ञापन
पत्थर और कांच के टुकड़ों से कार चालक को भी चोटें आईं, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। घटना के बाद कार चालक और ठेकेदार के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर आपसी सहमति से मामला सुलझ गया।
नगर परिषद की ओर से इन दिनों चौगान में साफ-सफाई और रखरखाव का काम करवाया जा रहा है। घास की कटाई के लिए मशीनें लगाई गई हैं। इसी दौरान घास में छिपा पत्थर मशीन के ब्लेड से तेजी से उछला और पास की सड़क पर खड़ी कार के शीशे से टकरा गया। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग भी एकत्रित हो गए।
विज्ञापन
कार चालक ने नुकसान पर आपत्ति जताई, जिसके बाद ठेकेदार और चालक के बीच बातचीत से मामला सुलझा लिया गया। ठेकेदार ने कार का नया शीशा लगवाने की जिम्मेदारी ली है।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष विनय स्याल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। चौगान में पटाखा बाजार के मद्देनजर घास कटवाकर मैदान को समतल करवाया जा रहा है।