19 को होगा अवाहदेवी माता मंदिर कमेटी का चुनाव
अवाहदेवी माता मंदिर में आम जनसभा में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। जिले के प्रमुख अवाहदेवी माता मंदिर में रविवार को आम जनसभा करवाई गई। इसमें मंदिर कमेटी की ओर से तीन वर्षों का लेखा-जोखा रखा गया। इस दौरान लोगों ने कमेटी की ओर से दिए ब्योरे पर सवाल उठाए। इसपर कमेटी के प्रधान सुरजीत ने जवाब दिए। कमेटी को तीन वर्षों के कार्यकाल में दो करोड़ 34 लाख 46 हजार की आय हुई, जबकि 2 करोड़ 36 लाख 92 रुपये खर्च किए और 8 लाख 74 हजार रुपये का बैंक से ऋण अवाहदेवी माता के सोने चांदी के गहनों पर लिया गया। आम जनसभा में कुछ खास फैसले लिए गए। इसमें एक बार मंदिर कमेटी के प्रधान बन चुके व्यक्ति को दूसरी बार प्रधान न बनाने और आसपास की सात ग्राम पंचायतों से तीन-तीन लोगों को कमेटी के सदस्यों में नियुक्त करने, नियुक्त 21 लोगों में से ही प्रधान, उप-प्रधान, सचिव कोषाध्यक्ष चुनने, दो बैठकों में भाग न लेने वाले सदस्य की सदस्यता को रद्द करने और तीन लाख से अधिक बजट खर्च करने वाले कार्य के लिए कमेटी की अनुमति और प्रत्येक तीन माह बाद आम जनसभा रखने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त बगवाड़ा पंचायत के अलावा कोई भी पंचायत इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी। ग्राम पंचायत बगवाड़ा, चंबोह, दाड़ी, समीरपुर, ग्रयोह, सरौन, चोलथरा सात पंचायतों से तीन तीन सदस्य चुने जाएंगे। अवाहदेवी के साथ लगती ग्राम पंचायत कोट-लांगसां को इसमें नहीं लिया गया जबकि इसकी सीमा अवाहदेवी के साथ लगती है। इसके लिए कोट के प्रीतम चंद ओर दुनी चंद चंदेल ने रोष जताया। मंदिर कमेटी के चुनाव को लेकर 15 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। सके लिए इच्छुक सदस्य नामांकन बगवाड़ा पंचायत के प्रधान देश राज के पास भर सकेंगे। 17 अक्तूबर को नाम वापसी और 19 को चुनाव होंगे। इस मौके पर मंदिर कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।