पक्का भरो में कंटेनर ट्रक में लगी आग को बुझाते दमकल विभाग के कर्मी। संवाद
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते पक्का भरो में शुक्रवार को एक चलते हुए कंटेनर ट्रक में आग लग गई। हादसे में कंटेनर ट्रक में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना में एक कार, मोटरसाइकिल, घरेलू सामान और कंटेनर को नुकसान पहुंचा है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। कंटेनर चेन्नई से पालमपुर की ओर जा रहा था और उसमें सेना के जवान का घरेलू सामान लदा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर 3:30 बजे जब कंटेनर पक्का भरो के समीप पहुंचा तो अचानक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया। चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और कंटेनर का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही अंदर आग की लपटें दिखाई दीं। चालक ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सहायता के लिए बुलाया।
लोगों ने तुरंत घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर में रखी कार, बाइक और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल चुके थे आग की चपेट में आने से वाहन के पिछले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। घटना में सेना के जवान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
कोट
कंटेनर चेन्नई से पालमपुर जा रहा था। सेना के जवान ने कंटेनर में सामान भरा हुआ था। अग्निशमन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर
समाचार बवीता चंदेल