सुजानपुर(हमीरपुर)। थाना सुजानपुर के तहत कुडूआ दी धार जंदडू क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझ लिया।
ग्रामीणों ने उससे पूछताछ शुरू की, लेकिन व्यक्ति के घबरा जाने पर लोगों का संदेह और बढ़ गया और भीड़ ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पाया गया कि व्यक्ति कांगड़ा जिले का रहने वाला है और मानसिक रूप से पीड़ित है।
पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले व्यक्ति की देखभाल की, उसकी दाढ़ी और बाल कटवाए तथा बाद में पुलिस कर्मी के माध्यम से उसे सुरक्षित उसके घर भेज दिया।
थाना प्रभारी सुजानपुर प्रकाश ठाकुर ने बताया कि यह मामला अफवाह के आधार पर हुआ है। व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान था और उसे सकुशल घर भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। संवाद