नादौन। स्थानीय कस्बे से हमीरपुर एनएच पर चलती बाइक पर सफेदे के पेड़ की टहनी गिरने से दो गृहरक्षक घायल हो गए। यह घटना वीरवार देर रात की है। यह दोनों गृह रक्षक हमीरपुर में अपनी ड्यूटी करने के बाद नादौन स्थित अपने घरों की तरफ आ रहे थे। अमित शर्मा एवं विपिन कुमार नामक यह दोनों गृहरक्षक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर को आ रहे थे कि अचानक मौसम खराब होने के कारण एनएच के किनारे लगे सफेदे के पेड़ की एक बड़ी टहनी टूट कर उनकी बाइक पर गिर गई।
इस कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिर गए। हादसे के समय स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। अमित शर्मा की एक टांग में गहरी चोट आई है। जिसके चलते उसे हमीरपुर रेफर किया गया, जबकि विपिन कुमार को अस्पताल से छुट्टी दे गई है। नादौन से लेकर भूंपल तक एनएच किनारे सफेदे के कई पेड़ अपनी जड़ें भी छोड़ चुके हैं और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे ज्यादा खतरा जलाड़ी एवं भूंपल में बना रहता है।