कमलाह पंचायत में कच्चा मकान गिरने से दबा सामान। स्रोत जागरूक पाठक
नादौन(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कमलाह उपली गलोल गांव में वीरवार सुबह कच्चा मकान जमींदोज हो गया। घर गिरने के कारण पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित तिलक राज ने कहा कि वर्षा के कारण गत 25 अगस्त को रसोई की एक दीवार पहले ही गिर गई थी, उसके बाद सारे मकान में दरारें आनी शुरू हो गईं और अब मकान का पिछला भाग और छत गिर गई है। गनीमत यह रही कि उस समय परिवार का कोई भी सदस्य घर के अंदर नहीं था, परंतु घर का सारा सामान अंदर ही रह गया है। मकान का कुछ हिस्सा बचा हुआ है पर वह भी रहने लायक नहीं बचा है। कमलाह पंचायत प्रधान कुशाल सिंह ने बताया कि हलका पटवारी को सूचना दे दी है, जो मौका का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेजेंगे। उसके बाद आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। संवाद