नादौन (हमीरपुर)। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन में आठ करोड़ रुपये की लागत से चार मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन में जहां विद्यार्थियों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं लैब की सुविधा भी मिलेगी।
पीएम श्री छात्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दर्जा मिलने के बाद अब बहुमंजिला भवन का निर्माण शुरू किया गया है। बहुमंजिला भवन में सभी प्रकार की लैब, कक्षाएं और अध्यापकों के लिए स्टाफ रूम का निर्माण किया जाएगा। यह भवन एल शेप में बनाया जा रहा है। फ्रंट में ग्राउंड फ्लोर पर प्रधानाचार्य कार्यालय, अकादमिक ब्लॉक सहित चौकीदार रूम होंगे, दूसरे मंजिल पर लाइब्रेरी और बच्चों के लिए लैब स्थापित की जाएगी।
वहीं, तीसरी मंजिल पर एग्जामिनेशन हॉल स्थापित होगा। इस भवन के निर्माण को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भवन के निर्माण से स्कूल में चल रही कमरों की कमी भी पूरी हो जाएगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य तेजी के साथ चला हुआ है, ताकि इसे तय अवधि में पूरा किया जा सके।
भवन की पहली मंजिल का काम पूरा कर लिया गया है तथा दूसरी मंजिल के पिलरों का निर्माण कार्य तेजी से चला हुआ है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही इस भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन में भवन का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पहली मंजिल का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
-एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर