ग्राम पंचायत नारा के दरोबड़ में जली कार। संवाद
रात करीब 11 बजे लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
गलोड़ (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नारा के दरबोड़ गांव में रविवार देर रात पवन कुमार पुत्र जगदीश सिंह की ऑल्टो टैक्सी में आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना रात करीब 11 बजे की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक महिला ने कमरे से बाहर निकलने पर वाहन से आग की लपटें देखीं और तुरंत परिवार को सूचना दी। जब तक वाहन मालिक मौके पर पहुंचा, आग काफी फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
आग में टैक्सी में रखे 15 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, इंश्योरेंस और बैंक पासबुक सहित सभी दस्तावेज जल गए। पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने रात करीब 9 बजे वाहन खड़ा किया था।
पीड़ित ने अज्ञात लोगों पर गाड़ी को आग लगाने का शक जताया है। पुलिस चौकी गलोड़ के प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनय कुमार अत्री ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने की है।