नादौन (हमीरपुर)। निजी स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने निजी स्कूलों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने एसओएस केंद्रों में डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) के स्थान पर नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (एनवीआर) सिस्टम लगाने और एसओएस विद्यार्थियों की किताबों के बिल उपलब्ध करवाने संबंधी निर्देशों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
जगजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि कई निजी स्कूल कुछ समय पहले ही डीवीआर सिस्टम लगवा चुके हैं। ऐसे में तत्काल एनवीआर सिस्टम लगाने से स्कूलों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कम से कम आगामी मार्च तक का समय देने की मांग की।
साथ ही एसओएस विद्यार्थियों को दी जाने वाली किताबों के बिल निजी स्कूलों से मांगे जाने के निर्देश पर भी पुनर्विचार का आग्रह किया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा और बोर्ड सचिव अंकुश शर्मा ने दोनों समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जगजीत सिंह ठाकुर ने बोर्ड सचिव अंकुश शर्मा को एसोसिएशन की ओर से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल बोर्ड की बेहतरी के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार हैं। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजेश ठाकुर, मीडिया प्रभारी निष्पक्ष भारती, अंकुर और अंकुश उपस्थित रहे।