भरेड़ी चौक पर मिला मंदिर का दाानपात्र। स्रोत : जागरूक पाठक
तीन दिन पूर्व चोरी हुआ था दानपात्र, चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में खौफ
पुलिस ने शुरू की छानबीन, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरेड़ी (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत सोमवार सुबह भरेड़ी चौक पर एक टूटा हुआ दानपात्र मिला है। जब ग्रामीणों ने इसकी जांच-पड़ताल की तो यह खड्ड बाजार स्थित शिव मंदिर का निकला।
इस दानपात्र को एक वर्ष से नहीं खोला गया था। मंदिर के प्रधान तिलक राज शर्मा ने कहा कि यह दानपात्र 2–3 दिन पूर्व मंदिर से चोरी हुआ था। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत भोरंज थाना में फोन के माध्यम से दर्ज करवाई है। भोरंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब चोरों ने क्षेत्र के मंदिरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है और दानपात्रों से नकदी पर हाथ साफ किया जा रहा है।
बीते कुछ दिनों में क्षेत्र के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे ग्रामीणों में रोष और भय का माहौल बना हुआ है। इससे पूर्व नवलाखा मंदिर में भी चोरी की घटना हो चुकी है, इसकी शिकायत पुलिस थाना भोरंज में दर्ज करवाई जा चुकी है।
हनोह मंदिर का दानपात्र भी शातिर चोरी कर ले गए थे, जो करीब एक सप्ताह बाद जंगल में टूटा हुआ ग्रामीणों को मिला है। अब भरेड़ी में शिव मंदिर का दानपात्र मिला। तिलक राज शर्मा ने कहा कि भरेड़ी चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा सकती है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जाए। भोरंज थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि दानपात्र को पुलिस थाना ले आई है संबंधित स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं।