हमीरपुर। अमर उजाला के वार्ड परिक्रमा अभियान के चलते नप के नुमाइंदे सतर्क हो गए हैं। मंगलवार को प्रकाशित समाचार वार्ड एक में गंदगी से भरे कूड़ेदान, लाइटें खराब के बाद नप हरकत में आ गया है। नप के नुमाइंदों ने वार्ड नंबर एक में सफाई कर्मचारियों को भेजकर गंदगी को साफ करवा दिया है, जबकि गंदगी से भरे कूड़ादानों को भी हटा दिया है। नप की कार्रवाई के बाद वार्ड एक के लोगों ने अमर उजाला के विशेष अभियान की सराहना की।
अमर उजाला द्वारा शहर के सभी वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने को विशेष अभियान वार्ड परिक्रमा शुरू किया गया है। अभियान में रोजाना एक वार्ड का दौरा किया जा रहा है। इस दौरान वार्ड की बिजली, पानी, सफाई व रास्तों आउिद की समस्याओं को अमर उजाला प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार को वार्ड नंबर एक का दौरा किया गया। इस दौरान वार्ड नंबर एक में सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। इसे मंगलवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। समाचार प्रकाशित होने के बाद नप के नुमाइंदे हरकत में आए और वार्ड में करीब आधा दर्जन सफाई कर्मचारियों को भेजा गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने गंदगी से भरे कूड़ादानों को नप के वाहन के माध्यम से वहां से हटवाया। इसके बाद कूड़ादानों के बाहर पड़ी गंदगी को भी वहां से हटाया।
उधर, नप अध्यक्ष दीप कुमार बजाज का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को वार्ड नंबर एक में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी गई थी। इसके चलते कर्मचारियों ने वार्ड के सभी भरे पड़े कूड़ादानों को खाली करवा दिया है ताकि लोग खुले में कचरा न फेंक सकें।