हमीरपुर। गौतम कॉलेज में रैगिंग के डर से इंजीनियरिंग छात्र के आत्महत्या मामले में हिरासत में लिए दोनों नाबालिग छात्रों से मंगलवार को पुलिस ने मृतक छात्र के पिता और रूममेट के सामने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आया है कि मृतक छात्र ने मामले में पकड़े गए अपने क्लासमेट को फोन किया था। फोन नामजद निजी स्कूल के छात्र के पास था। क्लासमेट के बारे में पूछने पर दोनों में बहसबाजी हो गई। जब क्लासमेट ने कॉल बैक की तो दोनों में कहासुनी हो गई और बात धमकियाें तक पहुंच गई।
पुलिस ने मृतक के पिता और रूममेट के सामने दोनों नामजद छात्रों से पूछताछ की और बयान दर्ज किए। पुलिस अब दोनों नाबालिग छात्रों को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी। युवकों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शमशेर सिंह का कहना है कि दोनों नाबालिग छात्रों से मृतक के पिता और रूममेट के सामने पूछताछ की गई। प्रिंसिपल ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दे रखी है जिस कारण उनसे पूछताछ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।