हमीरपुर। सूबे के ऊना में जल्द सीएसडी (कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट) डिपो खुलेगा। डिपो के लिए उपायुक्त कार्यालय के समीप जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। डिपो खुलने से सीएसडी सामान पर लगने वाला वैट कम होगा। ट्रांसपोर्टेशन का खर्च भी कम आएगा। इससे कैंटीन स्टोर डिपार्टमेंट में मिलने वाला सामान सस्ता होगा। यह बात सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने कही। शांडिल मंगलवार को हमीरपुर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। कहा कि डिपो खुलने से सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को लाभ मिलेगा। शांडिल ने कहा कि प्रदेश में सब-डिपो भी खोले जाएंगे। कहा कि सीमा पर चीन और पाकिस्तान की हरकतों को देखते हुए प्रदेश में सैन्य स्टेशन लाना अनिवार्य है। प्रदेश में डोगरा रेजिमेंट का स्टेशन आता है तो उन्हें खुशी होगी। सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि एक्स सर्विस वेल्फेयर में निदेशक और उपनिदेशकों के रिक्त पद जल्द ही भरे जाएंगे।
आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को और सुदृढ़ बनाया जाएगा। आंगनबाड़ी का बजट ढाई लाख से बढ़ाकर साढ़े चार लाख कर दिया गया है। अच्छा काम करने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है, ताकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अधिक बच्चों को आंगनबाड़ी में लाने के लिए प्रोत्साहित हों। शांडिल ने कहा कि सरकार ने कैबिनेट में फैसला लिया है कि प्रदेश में 290 सुपरवाइजरों के पद भरे जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है।