हमीरपुर। पेंशनर हासिल करने के लिए पेंशनरों को 20 दिसंबर तक पैन कार्ड जमा करवाने होंगे। पैन कार्ड की प्रति जमा न करवाने पर पेंशन रुक सकती है। जिला कोषागार ने समस्त पेंशन धारकों को फरमान जारी किए हैं, जिससे आयकर के दायरे में आने वाले पेंशनरों से कर की वसूली हो सके। पूर्व में पैन कार्ड की प्रति जमा करवाने को लेकर कोई व्यवस्था नहीं थी। जिला कोषागार ने आयकर विभाग के प्राप्त निर्देशों के पश्चात फरमान जारी किए हैं। जिला हमीरपुर में वर्तमान में करीब साढ़े आठ हजार के करीब पेंशन धारक सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। कोषागार के निर्देशों के पश्चात पेंशनरों में भी अफरा तफरी का माहौल है।
पैन कार्ड की प्रति जमा न करवाने की स्थिति में सख्ती की तैयारी है। टैक्स के दायरे में आने वाले पेंशनरों की पेंशन इसी माह से बंद कर दी जाएगी। पैन कार्ड उपलब्ध करवाने की सूरत में ही पुन: पेंशन जारी होगी। कोषागार विभाग पेंशनरों का डाटा तैयार कर रहा है, जिसमें टैक्स दायरे में आने वाले पेंशनरों तथा टैक्स दायरे से बाहर रहने वाले पेंशनरों की जानकारी अलग-अलग की जा रही है।
जिला कोष अधिकारी करतार ने बताया कि डाटा तैयार किया जा रहा है तथा पेंशनरों को 20 तक पैन कार्ड की प्रति जमा करवाने का आग्रह किया गया है। टैक्स दायरे में आने वाले पेंशनरों को पैन कार्ड की प्रति जमा करवाए बिना पेंशन नहीं मिलेगी।