हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में एसएफआई इकाई हमीरपुर द्वारा प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा फीस बढ़ोतरी करने पर धरना प्रदर्शन किया। एसएफआई के कैंपस प्रधान अभिषेक ठाकुर ने कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय ने फीसों में तीन गुना बढ़ोतरी कर प्रदेश के गरीब छात्रों पर कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि अनुपूरक परीक्षा का फार्म जो 120 रुपए में मिलता था। अब 280 रुपए में मिल रहा है। ऐसे हालात रहे तो वह दिन भी दूर नहीं जब शिक्षा मात्र धनवानों के ही बस की बात होगी, गरीब परिवारों के छात्रों के लिए शिक्षा दुर्लभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में एडीएन वाजपेयी को भाजपा सरकार ने जब से वाइस चांसलर नियुक्त किया है, तब से शिक्षा का व्यापारीकरण शुरू हो गया है। शिक्षा को निजी संस्थानों के हाथों बेचने की पूरी तैयारी की जा रही है। लेकिन एसएफआई इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगी, और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। आवश्यकता पड़ी तो छात्र हित में इसके लिए ‘जेल भरो आंदोलन’ भी शुरू करेगी। प्रदर्शन में कृष्ण कुमार, प्रवीण कुमार, दिनेश, रोहित, सुनील, साहिल आदि मौजूद रहे।