जाहू (हमीरपुर)। दिवाली के उपलक्ष्य पर हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव के करीब एक दर्जन परिवार के लोग पानी के लिए बूंद- बूूंद को तरसते रहे। करीब एक किलोमीटर दूरी से लोगों को पेयजल का प्रबंध करना पड़ा। विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपनी दिवाली मनाने में ही मस्त रहे। लोगों के सुविधा की उन्हें शायद परवाह नहीं थी। क्षेत्र में गत एक सप्ताह से उन्हें इस गंभीर पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में सुनील कुमार, सूंका राम, मुनशी राम, बृज लाल शर्मा, सतीश कुमार, राजेश कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया क्षेत्र में गत एक सप्ताह से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाई है। हालांकि चुनावों के समय कुछेक ग्रामीणों ने चुनावों का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी थी। लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं की गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि पहले विभाग ने सार्वजनिक नलों को निजी नलों में बदला। अब इन नलों में पानी की बूंद तक नहीं टपक रही है। विभाग की ऐसी लचर कार्यप्रणाली के चलते लोगों को आखिर में न्यायालय का दरवाजा ही खटखटाना पड़ेगा। लोगों ने विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में पानी की नियमित आपूर्ति की जाए। अन्यथा उन्हें कोई बड़ा कदम उठाना पड़ेगा।
उधर, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता बीके ठाकुर का कहना है कि इस बारे उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। क्षेत्र में यदि पेयजल संकट है तो इसका जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। इससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।