भरेड़ी/जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू अस्पताल के विस्तार एवं उन्नयन के लिए 9.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना की पहली किस्त के रूप में 73 लाख रुपये जारी हो चुके हैं।
इससे आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और ओपीडी वार्ड के निर्माण का कार्य आगे बढ़ेगा। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि जाहू अस्पताल को चरणबद्ध तरीके से विकसित कर 100 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल के रूप में तैयार किया जा रहा है।
इससे जाहू सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। क्षेत्रवासियों ने अस्पताल के विस्तार के लिए सरकार और विधायक सुरेश कुमार का आभार जताया है।