हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन राहगीरों, दुकानदारों और अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। रविवार को चौक पर कोई पुलिस कर्मी तैनात न होने के कारण बाजार आने वाले लोग अपने वाहनों को गांधी चौक पर बेतरतीब ढंग से पार्क कर देते हैं। वहीं अन्य दिनों का भी यही हाल है। इस कारण चौक पर अन्य वाहन आने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। रविवार के अलावा अन्य दिनों में भी वाहन चालक कई बार गांधी चौक पर वाहन खड़े कर देते हैं लेकिन, पुलिस कर्मी होने के कारण वह वहां से वाहनों को हटवा देते हैं। रविवार को भी कुछ वाहन चालकों ने गांधी चौक पर वाहन पार्क कर दिए।
इस कारण अन्य वाहन चौक पर फंस गए और जाम की स्थिति पैदा हो गई। लोगों ने चौक पर खड़े होने वाले वाहनों के बारे में कई बार पुलिस को शिकायत भी की है। रविवार को छोड़कर शेष दिनों में तो यहां पुलिस कर्मी तैनात रहता है लेकिन, रविवार को भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। क्योंकि गैस सहित अन्य जरूरी वाहन रविवार को ही बाजार में प्रवेश करते हैं। लोगों ने पुलिस से समस्या के समाधान की मांग की है। ट्रैफिक इंचार्ज पाल सिंह का कहना है कि बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के चालान किए जाते हैं। गांधी चौक पर कर्मचारी तैनात रहता है, जो यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटता है। रविवार को कर्मचारी की ड्यूटी नहीं होती है।