हमीरपुर। नेशनल हाईवे 103 को डबललेन बनाने का कार्य शिलान्यास के तीन साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। हमीरपुर के मट्टनसिद्ध से बिलासपुर के कंदरौर पुल तक 45 किलोमीटर इस डबललेन सड़क का शिलान्यास 6 जून 2016 को तत्कालीन केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। केंद्र सरकार से इसके लिए 286.33 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। एनएच विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के बाद सड़क को डबललेन बनाने का कार्य सरकारी ठेकेदार को आवंटित किया। हमीरपुर से कंदरौर तक 45 किलोमीटर सड़क को डबललेन बनाने के अलावा इस मार्ग पर 11 नए पुलों का निर्माण कार्य भी टेंडर में शामिल है।
शिलान्यास के तीन साल बीत जाने के बावजूद अभी तक 5 पुलों का कार्य ही पूरा हो पाया है। जबकि, 6 पुलों का निर्माण कार्य अभी तक अधूरा है। निर्माणाधीन पुलों का डिजाइन भी विवादों में है। कई जगह पुलों पर तीखे मोड़ बन गए हैं। जिससे आने वाले समय में इन पुलों के तैयार होने के बाद सड़क हादसों का खतरा रहेगा। इससे पहले हमीरपुर बाईपास पर भी लाखों रुपये खर्च करने के बाद आधा दर्जन तीखे मोड़ बना दिए गए। उस समय भी लोगों ने सवाल उठाए थे कि अगर जमीन का अधिग्रहण करके सड़क का निर्माण कार्य करना होता है तो एनएच विभाग को सीधी सड़क बनाने में क्यों दिक्कतें पेश आती हैं। स्थानीय लोगों में प्रदीप ठाकुर, सुनील शर्मा, प्रदीप शर्मा, विवेक और अशोक कुमार ने बताया कि मट्टनसिद्ध हमीरपुर से कंदरौर डबललेन मार्ग पर कई नए पुलों के कारण तीखे मोड़ तैयार हो गए हैं, जिससे आने वाले समय में सड़क हादसों का खतरा रहेगा। उधर, एनएच विभाग के एक्सईएन जेसी कानूनगो ने कहा कि हमीरपुर-कंदरौर एनएच डबललेन मार्ग का कार्य पूरा हो चुका है। 5 पुल बनकर तैयार हो चुके हैं, महज 6 पुलों का निर्माण बचता है। जून माह तक सभी पुलों का कार्य पूरा होने की उम्मीद है।