हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम ड्राइवर्स यूनियन ने मंगलवार को यूनियन का छठा स्थापना दिवस हमीरपुर में मनाया। इस दौरान बैठक का आयोजन प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर और सचिव जगरनाथ ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया और प्रदेश के चालकों को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। सचिव जगरनाथ ठाकुर ने कहा कि चालकों के वर्ष 2016-17 के साप्ताहिक अवकाशों को परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अगले वर्ष समायोजित करने के आदेश दिए थे लेकिन, प्रबंधन को लिखित आदेश न होने के कारण प्रदेश के सभी डिपुओं के क्षेत्रीय प्रबंधक पिछले अवकाशों (2016-17) को कटवाने में आनाकानी कर रहे हैं। यूनियन ने परिवहन मंत्री से आग्रह किया है कि चालकों के अवकाशों को कटवाने के लिए निगम प्रबंधन को लिखित आदेश जारी करें। इसके अलावा संघ का कहना है कि प्रदेश सरकार महज 500 चालकों की भर्ती करने जा रही है। जबकि, करीब 400 चालक आगामी तीन से चार माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। चालकों की कमी के कारण मौजूदा चालकों पर कार्य का अतिभार है। इसलिए यूनियन ने 500 की बजाय प्रदेश में एक हजार चालकों की भर्ती करने की मांग की है। उपाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि निगम प्रबंधन के साथ चालक यूनियन की बैठक फरवरी 2018 में हुई थी। जिसमें प्रबंध निदेशक ने ओवरटाइम और रात्रि भत्ते को हर माह की 22 तारीख को जारी करने की बात मानी थी। इसके साथ ही रुके हुए भत्ते को भी चरणबद्ध तरीके से भुगतान करने का आश्वासन दिया था लेकिन, इन आश्वासनों पर कोई गोर नहीं किया गया है। यूनियन ने मांग की है कि रुके हुए रात्रि भत्ते को हर माह की 22 तारीख को जारी किया जाए। इस मौके पर रत्न चंद ठाकुर, धर्मपाल, मनोज कुमार, उमेश कुमार, कुलदीप, पुरषोत्तम, रमेश चंद, तेज राम, संजीव, रघुवीर, बलवीर, जुगल किशोर, उत्तम चंद, अश्वनी कुमार, चैन सिंह, कुलदीप चंद आदि चालक मौजूद रहे।