हमीरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी में अध्ययनरत छात्रों के अभिभावकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से फीस वृद्धि को लेकर ज्ञापन सौंपा है। छात्रों के अभिभावकों ने फीस बढ़ोतरी के निर्णय को जल्द वापस लेने की गुहार लगाई है ताकि, उनके बच्चे पहले की तरह शिक्षा ग्रहण कर सकें। बता दें कि केंद्र सरकार ने अप्रैल 2018 में इन विद्यालयों में छात्रों की फीस में अचानक बढ़ोतरी कर दी थी। इन आवासीय विद्यालयों में अभी तक लड़कियों को छठी से 12वीं कक्षा तक शिक्षा फ्री थी तथा विद्यालय विकास निधि के नाम पर केवल कुछ वर्ग के लड़कों से कक्षा नौवीं से 12वीं कक्षा तक मात्र 200 रुपये प्रति माह फीस ली जाती थी।
लेकिन, अप्रैल 2018 को जारी अधिसूचना के तहत नवोदय विद्यालय समिति नई दिल्ली ने सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए यह फीस 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी है। छात्रों के अभिभावकों में राजीव रांगड़ा, रमन शर्मा, दिनेश ठाकुर, वामदेव आदि ने कहा कि एकदम से की गई इस अधिकतम फीस वृद्धि से वह काफी आहत हैं। जहां सरकार एक तरफ ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जैसे प्रगतिशील अभियान चला रही है। दूसरी ओर ऐसी अप्रत्याशित फीस वृद्धि करके ग्रामीण इलाकों के मध्यम वर्गीय प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं पर भारी आर्थिक बोझ डाल रही है।