सुजानपुर (हमीरपुर)। हमीरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से घोषित की गई कार्यकारिणी में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कई वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का इस बार पत्ता काट दिया गया है। सुजानपुर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता भड़क गए हैं। ऐसे में पुराने वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में घोषित कार्यकारिणी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जिस तरह से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिला कार्यकारिणी से दरकिनार किया गया है, यह बात अपने आप में कई अहम सवाल छोड़ती है। जिसके चलते जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर कई सवालिया निशान लग रहे हैं। जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, पूर्व महासचिव राजकुमार शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष मस्तराम गुलेरिया सहित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा है कि जो कार्यकारिणी घोषित की गई, उनमें सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कई वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया है।
पूर्व जिला पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसा क्यों किया गया, किसके कहने पर किया गया और यह कार्यकारिणी किसके इशारे पर बनाई गई है? उन्होंने कहा कि वह सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के समर्थक हैं। लेकिन, इस कार्यकारिणी से उनका नाम क्यों दरकिनार किया गया? विधानसभा चुनावों में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा का साथ दिया। जिन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके भाजपा प्रत्याशी एवं मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को हराकर सीट कांग्रेस की झोली में डाली। क्या कार्यकारिणी बनाने से पहले विधायक से सहमति ली गई थी? कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कार्यकारिणी बनाते समय स्थानीय विधायक को विश्वास में लेना चाहिए था। जो भी वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से इस कार्यकारिणी में शामिल नहीं किए गए हैं, उन सभी ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा के समर्थन में विधानसभा चुनाव में पुरजोर तरीके से कार्य किया है। प्रत्येक ब्लॉक स्तरीय और जिला स्तरीय बैठक में शामिल हुए हैं। जिला कार्यकारिणी में उनके नाम दरकिनार करके जिला कांग्रेस संगठन ने सही कार्य नहीं किया है। जो भी कांग्रेस पार्टी का टिकट लेकर मैदान में आता है चाहे वह विधानसभा है, चाहे लोकसभा है, उसका वह साथ देते हैं। लोकसभा चुनाव में जिस किसी को भी कांग्रेस का टिकट मिलता है, वह उसके साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सुजानपुर के कर्मठ और मेहनती कार्यकर्ताओं को अधिमान देने की मांग उठाई है। उधर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर का मोबाइल स्विच ऑफ होने के चलते इस मामले में उनसे बात नहीं हो पाई।