गलोड़ (हमीरपुर)। तहसील गलोड़ के अंतर्गत पड़ते हड़ेटा के जंगल में कुछ लोग मृत मुर्गों को बोरियों में भरकर फेंक गए। हड़ेेटा के जंगल से होकर गुजरती गलोड़ सलौणी सड़क से कुछ दूरी पर यह मुर्गे फेंके गए हैं। वीरवार को कुछ लोग सड़क से गुजर रहे थे, इस दौरान जंगल से गुजरते समय उन्हें दुर्गंध आई। जब पता लगाया तो देखा कि 7 बोरियों में मृत मुर्गों को भरकर जंगल में फेंका गया है।
लोगों ने इसकी सूचना हड़ेटा पंचायत के प्रधान संजय कुमार को दी। प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस चौकी गलोड़ को दी। सूचना के आधार पर पुलिस चौकी प्रभारी कुशादत्त ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्रधान संजय कुमार और उपप्रधान हंस राज शर्मा ने मौके पर पहुंच कर गड्ढा खोद कर इन मृत मुर्गों को दबा दिया। प्रधान संजय कुमार ने कहा कि जंगल में मृत मुर्गे मिले हैं। इसकी सूचना पुलिस चौकी गलोड़ को दी गई। पुलिस की ओर से निरीक्षण करने के बाद गड्ढा खोद कर इन्हें दबा दिया गया है। उधर, पुलिस चौकी प्रभारी गलोड़ कुशादत्त ने कहा कि हड़ेटा जंगल में 7 बोरी मृत मुर्गों की मिली हैं।