हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सोलन वर्ष 2018 के राज्यस्तरीय साइंस सेमिनार का आयोजन 15 अगस्त के बाद करेगी। इसके लिए 10 अगस्त तक जिले के स्कूलों से बच्चों के आवेदन मांगे गए हैं। इससे पहले संस्थान ने विभिन्न जिलों के बच्चों का जिला स्तर पर चयन करने और इसके बाद चयनित बच्चे का नाम पूरी जानकारी सहित राज्यस्तर पर भेजने का आग्रह किया है। इस बार इस साइंस सेमिनार की थीम ‘औद्योगिक क्रांति 4.0, क्या हम तैयार है’ रहेगा। इसमें बच्चे भाषण के जरिये बिना किसी बाहरी सहयोग से अपने विचार साझा करेंगे। अगर इसके लिए अधिक बच्चों के आवेदन आते हैं तो दस अगस्त से पहले जिलास्तर पर इसकी प्रतियोगिता करवाई जाएगी।
जिला स्तर पर अव्वल रहे प्रत्येक जिले के दो-दो बच्चे राज्यस्तरीय सेमिनार में भाग लेंगे। राज्यस्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अव्वल रहने वाले किसी एक छात्र को राष्ट्रस्तर पर भेजा जाएगा। राष्ट्रस्तरीय सम्मेलन अक्तूबर माह में विश्वेश्वराय इंडस्ट्रियल एंड टेक्नोलॉजिकल म्यूजियम कस्तूरबा मार्ग दिल्ली में होगा। राज्यस्तर पर भाग लेने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा। बच्चों के विचारों को एक मंच देने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक निजी और सरकारी स्कूल के आठवीं से दसवीं तक के छात्र भाग ले सकते हैं। चयनित छात्रों को ही अगले पड़ाव तक पहुंचने का मौका मिलेगा। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अश्वनी चंबियाल का कहना है कि 10 अगस्त तक जिले के स्कूलों से बच्चों के आवेदन मांगे गए हैं। अगर बच्चों की संख्या अधिक होगी तो जिला स्तर पर थीम पर आधारित प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके बाद अव्वल रहे दो बच्चों को राज्यस्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को एक मंच मिलेगा।