महिला मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचाराधीन, प्राथमिकी दर्ज
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत चौकी जंबाला गांव में पटाखे जलाने से रोकने पर दो पड़ोसियों द्वारा 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दिए बयान में शीला देवी निवासी चौकी जंबाला ने बताया कि रात को उसके पड़ोसी अपने मकान में पटाखे जला रहे थे। पटाखे उसके आंगन में गिर रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे से उसकी बेटी की गाड़ी के पास रखा कंबल जलने लगा।
महिला के अनुसार, जब उसने दोनों पड़ोसियों को पटाखे जलाने से रोका तो वे उसके साथ गाली-गलौच और बहसबाजी करने लगे। एक पड़ोसी घर के गेट के अंदर आया और उसने महिला से मारपीट की। बाद में उसकी बेटी और नाती ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया तथा उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया। यहां पर महिला का उपचार किया जा रहा है। एसपी बलवीर ठाकुर ने पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।