जोलसप्पड़ में पकड़ी गई अवैध शराब की पेटियां। संवाद
हमीरपुर। चुनावी बेला में जिले में राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। विभाग की टीम ने शुक्रवार रात को गुप्त एवं पुख्ता सूचना के आधार पर जोल सप्पड़ क्षेत्र के एक घर पर छापा मारकर अवैध शराब की 86 पेटियां बरामद की हैं। विभाग के उप आयुक्त वरुण कटोच ने कहा कि इस शराब की कीमत लगभग 3.34 लाख रुपये है। 87 बोतल अंग्रेजी, 70 बीयर और 885 देसी शराब की बोतल बरामद की गई है। यह शराब जोलसप्पड़ निवासी महिला के घर से बरामद की गई है। विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. नवल, कर एवं आबकारी अधिकारी नितिन गुप्ता, नीरज गोयल और सुनील राणा, सहायक कर एवं आबकारी अधिकारी सृष्टि ठाकुर और रवीना ठाकुर की टीम ने यह अवैध शराब पकड़ी है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी और अवैध शराब पुलिस की टीम को सौंप दी। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 के तहत इसकी जांच आरंभ कर दी है। उप आयुक्त ने कहा कि जिला हमीरपुर में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर शराब के भंडारण एवं वितरण पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वरुण कटोच ने कहा कि आने वाले दिनों में भी विभाग की टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापे मारेंगी। उन्होंने सभी जिलावासियों से भी आग्रह किया है कि अगर उन्हें अपने क्षेत्र में शराब के अवैध भंडारण, वितरण या तस्करी का पता चलता है तो वे तुरंत विभाग के अधिकारियों को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।