हमीरपुर की ग्राम पंचायत अणु के वार्ड नंबर 2 में वोट डालने पहुंचे लोग।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में प्रथम चरण में जिले की 85 ग्राम पंचायतों में रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। इन पंचायतों में मतदान के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने 503 मतदान केंद्र स्थापित किए थे। इनमेें संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम रहे ताकि, शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो सके।
जिला हमीरपुर में कुल 248 ग्राम पंचायतें हैं। पहले दिन 85 पंचायतों में मतदान हुआ। इस दौरान पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के चुनाव नतीजे मतदान के बाद घोषित कर दिए गए हैं। जबकि, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में कैद हो गया है। पंचायत समितियों और जिला परिषद सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गणना 22 जनवरी को तीन चरणों के चुनावों के संपन्न होने के बाद होगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार हमीरपुर जिले की पंचायतीराज संस्थाओं के लिए तीन चरणों में 17, 19 और 21 जनवरी को मतदान की व्यवस्था की गई है। पहले चरण में रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ है।