हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए आत्मघाती हमले के बाद हमीरपुर जिले में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। शिमला मुख्यालय से निर्देश मिलते ही जिला पुलिस ने ऊना, मंडी, बिलासपुर और कांगड़ा जिला से लगते सीमांत इलाकों पर चौकसी बढ़ाते हुए नाके लगा दिए हैं। इन नाकों पर हर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग और लोगों से कड़ी पूछताछ हो रही है।
वहीं, उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन ने मार्च माह में मंदिर में लगने वाले चैत्र माह के मेलों में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मंदिर को जाने वाले मार्ग पर लगाए बैरीकेट पर स्थायी पुलिस चेक पोस्ट और सीसीटीवी लगाने के बारे में निर्देश दिए हैं। मार्च माह में करीब एक माह तक चैत्र माह के मेले लगते हैं। इन मेलों के दौरान देश और विदेशों से लाखों की संख्या में बाबा बालकनाथ के भक्त मंदिर में शीश नवाने पहुंचते हैं। इन मेलों से पहले ही पुलिस प्रशासन ने मंदिर ट्रस्ट प्रशासन के साथ बातचीत कर सारी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि मुख्यालय से अलर्ट के निर्देश मिलने के बाद सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं।