हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगती ग्राम पंचायत बजूरी और नप हमीरपुर के वार्ड दस की सीमा पर खेतों के पास दिनदहाड़े पांच तेंदुए दिखने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। इन तेंदुओं में एक मादा सहित चार बच्चे शामिल हैं। ग्रामीणों ने अपने कैमरे में इन तेंदुओं की चहलकदमी को कैद कर लिया है। हालांकि, थोड़े दूर होने की वजह से मादा तेंदुआ पूरी तरह से नहीं दिखाई दी, लेकिन चार बच्चे अठखेलियां लगाते कैमरे में कैद हो गए। वहीं एक साथ एक जगह पर पांच तेंदुए दिखने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन्य जीव विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर इन तेंदुओं को पकड़ने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव से गुजर रहे थे तो उन्होंने पुल के पास झाड़ियों की तरफ कुछ आवाजें सुनीं। इसी बीच उन्हें मादा तेंदुआ और उसके चार बच्चे दिखाई दिए। ग्रामीणों ने शोर मचाया। तभी कुछ अन्य ग्रामीण भी वहां आ गए। इनमें से एक ने कैमरे से इनका वीडियो बना लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से होकर अकसर स्कूल के बच्चे और अन्य लोग अपने काम से जाते हैं। पांच तेंदुए एक साथ होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों में निशांत, भगवान दास, कुलदीप, अश्वनी, पूजा, विपन कुमार का कहना है कि रविवार सुबह एक मादा तेंदुआ और उसके चार बच्चे एक साथ दिखने से भय का माहौल है। उन्होंने वन्य जीव विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है। इस संबंध में वन्य जीव विभाग के डीएफओ कृष्ण कुमार का कहना है कि इस बारे में सूचना नहीं मिली है। विभाग की टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।