बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के मैहरे बाजार में अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन पर बड़सर पुलिस ने 43 चालान किए हैं। पुलिस ने मंगलवार को की कार्रवाई में अतिक्रमणकारियों और ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों पर शिकंजा कसा है। एसएचओ बड़सर जगदीश चंद की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने मैहरे बाजार में दबिश दी। इस दौरान अतिक्रमण करने वाले चार दुकानदारों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 39 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं। पुलिस के औचक निरीक्षण से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई दुकानदारों ने सड़क और नालियों पर सजाया सामान समेट लिया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में पुलिस ने ज्यादातर बेतरतीब खड़े वाहनों के चालान किए हैं। मैहरे बाजार में अकसर वाहन चालक वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देते हैं। इससे बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस दौरान पुलिस ने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी है। एसएचओ बड़सर जगदीश चंद का कहना है कि मंगलवार को औचक निरीक्षण कर अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना पर 43 चालान किए गए हैं। यातायात में बाधा उत्पन्न न हो और लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसलिए बाजार में चालान किए गए हैं। उन्होंने दुकानदारों को भी अतिक्रमण न करने की हिदायत दी है।