अवाहदेवी (हमीरपुर)। सांसद अनुराग ठाकुर ने बुधवार को समीरपुर स्थित अपने घर पर जन्म दिवस पूजा-अर्चना के साथ मनाया। इस दौरान देश और प्रदेशभर से बधाइयों देने वाला का तांता उनके निवास पर लगा रहा। जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर प्रयास संस्था ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के उहल में आयोजित मेडिकल कैंप में 578 रोगियों का निशुल्क चेकअप किया तथा दवाइयां भी वितरित कीं।
शिविर में कार्डियोलाजिस्ट डॉ. टीसी महंत, डॉ. जीएस चावला, डॉ. अमित कपिला, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश वत्स विशेष तौर पर शामिल रहे। मेडिकल कैंप का शुभारंभ करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार की ओर से आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री आरोग्य योजना के तहत सभी गरीब परिवारों को पांच लाख तक के निशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है तथा यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। जिससे अब आम जनमानस को धन की कमी के अभाव में उपचार से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद मोबाइल सेवा के तहत गरीब तथा निर्धन लोगों को गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार का खर्च भी वहन करने का प्लान तैयार किया गया है ताकि, आम जनमानस को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र अत्री, एपीएमसी के चेयरमैन एवं भाजपा महामंत्री अजय शर्मा, भाजयुमो हमीरपुर मंडल के अध्यक्ष पंकज मिन्हास, मिशन मोदी अगेन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पठानिया, पंचायती राज महासंघ के जिला अध्यक्ष एवं बगवाड़ा पंचायत के प्रधान एडवोकेट संजीव कुमार, अनिल सोनी, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त और भाजयुमो मीडिया प्रभारी विकास शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।