हमीरपुर। जिला न्यायवादी कार्यालय हमीरपुर का नवनिर्मित बहुमंजिला भवन लोकार्पण के एक साल के भीतर ही जवाब दे गया। जिला कार्यालय की दीवारों पर सीलन से कार्यालय के भीतर का रंगरोगन खराब हो गया है। दीवारों पर सीलन से कार्यालय के भीतर रखी रिकॉर्ड फाइलें खराब हो रही हैं।
कार्यालय में सीलन की वजह से बदबू फैली हुई है। बता दें कि इस नवनिर्मित तीन मंजिला भवन का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग ने किया है। 11 मई 2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस बहुमंजिला भवन का विधिवत लोकार्पण किया। लेकिन, इस बार बरसात के कारण भवन की दीवारों से पानी का रिसाव शुरू हो गया। जिससे भवन के भीतर काम करने वाले अधिकारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवनिर्मित भवन की दीवारों में सीलन से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। भवन निर्माण के एक साल के भीतर ही सीलन से लोग कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के एसडीओ देवराज ने कहा कि भवन निर्माण की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गटर की सफाई न होने के चलते भवन को नुकसान पहुंच रहा है। कई बार गटर में आसपास के पेड़ों के पत्ते फंस जाते हैं। गटर की सफाई संबंधित विभाग को खुद ही करवानी होगी।