नादौन में डिजिटल रेट डिस्प्ले खराब
नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन की ओर से बस स्टैंड के पास लगाई गई सब्जियों और मंडी भाव के मूल्यों को दर्शाने वाली डिजिटल डिस्प्ले मशीन लंबे समय से खराब है। दो वर्ष पहले यह डिजिटल डिस्प्ले लगाई गई थी और लगाने के बाद से ही ठीक तरह से काम न करने और कर्मचारियों द्वारा इसमें मंडी के भाव को समय पर फीड न करने के कारण यह कई बार बंद होती रही। अब तो यह डिस्प्ले पूरी तरह बंद हो गई है। डिस्पले का अब केवल लोहे का फ्रेम ही नजर आ रहा है।
राजेश, योगराज, कुलदीप, दिनेश, बिट्टू, अजय, सुभाष, कमल, बंटी आदि का कहना है कि नगर पंचायत ने इस डिस्प्ले को स्थापित करवाते समय बड़े-बड़े दावे किए थे कि इससे उपभोक्ताओं को प्रतिदिन बिकने वाली सब्जियों के मंडी भाव का पता लग सकेगा। इससे फुटकर सब्जी विक्रेता मनमानी भाव से सब्जियां नहीं बेच सकेंगे। लेकिन, लगाने के बाद यह डिजिटल डिस्प्ले प्रतिदिन मंडी के भावों को इसमें फीड न करने के लिए विवादों में रही है। वहीं कस्बा में सब्जी विक्रेता मनमाने दाम वसूल रहे हैं। लोगों ने डिस्प्ले को दोबारा चालू करने की मांग की है। उधर नगर पंचायत सचिव पीसी बत्रा ने कहा कि इसे शीघ्र चालू करवा दिया जाएगा।