नादौन/हमीरपुर। जिलाभर में रविवार शाम को अंधड़ के बाद बारिश से तापमान में गिरावट आई है। मौसम ने एक बार करवट बदल ली है। रविवार शाम को नादौन में भारी बारिश से पूरा कस्बा जलमग्न हो गया। शेष जिला में हल्की फुहारें पड़ी। वहीं शाम को आए अंधड़ ने आम की फसल को नुकसान पहुंचाया है। रविवार दिन में तेज धूप रही। अंधड़ के बाद कई क्षेत्रों में हल्की तो कई में भारी बारिश हुई। भारी बारिश से नादौन की गलियां पानी से लबालब हो गई और लोगों को आने जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोगों में सुभाष, बब्बी डोगरा, संजय, संजीव, रोहित, रवि, कमल कुमार, मदन लाल, वेद प्रकाश आदि कहना है कि रविवार को हुई भारी बरसात के कारण अंबकेश्वर मंदिर के पास एनएच 88 ने तालाब का रूप धारण कर लिया। कई क्षेत्रों की बिजली भी गुल रही। बिजली न होने के कारण लोगों के कई कार्य प्रभावित रहे। बारिश और तूफान से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा।