टौणीदेवी(हमीरपुर)। सिविल अस्पताल टौणीदेवी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा कायाकल्प पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनको कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सावित्री कटवाल ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रो. धूमल ने कायाकल्प सम्मान प्राप्त करने के लिए काम करने वाले टीम लीडर व सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि साल में प्रति व्यक्ति दस से बारह हजार रुपये दवाइयों पर अमूमन खर्च करते हैं। यदि हम स्वच्छता अभियान को पूर्ण रूप से अपनाएंगे तो निश्चित तौर पर बीमारी कम होगी।
उन्होंने कहा कि केवल टौणीदेवी ही नहीं बल्कि पूरे देश में और पूरे विश्व में सफाई के महत्व को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने इस मौके पर अस्पताल के कर्मचारियों को सम्मानित किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को बधाई और धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने न केवल प्रबुद्ध लोगों को बल्कि वास्तविकता में सफाई का काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व प्रदेश सरकार में एक केंसर संस्थान टौणीदेवी में खोलने का निर्णय लिया था। बारह करोड़ रुपये भी कैंसर अस्पताल के लिए उपलब्ध करवाए गए थे और भूमि भी चिन्हित कर ली गई थी, लेकिन सरकार बदल गई और वह कैंसर संस्थान भी किसी अन्य जिले में चला गया। उन्होंने कहा कि एक बहुत अच्छा स्वास्थ्य संस्थान टौणीदेवी अस्पताल के रूप में मिला है।