भोरंज(हमीरपुर)। करिअर प्वाइंट विश्वविद्यालय हमीरपुर के रिसर्च स्कॉलर व डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर में विज्ञान शिक्षक संदीप शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में अपना शोध पत्र पढ़कर जिला व हिमाचल का नाम रोशन किया। इंडियन एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ पॉपुलेशन द्वारा यह कांफ्रेंस आंध्रा विश्वविद्यालय विशाखापट्टनम में 20 से 22 दिसंबर तक हो रही है। कांफ्रेंस में संदीप शर्मा हिमाचल से अकेले ही चयनित हुए थे।
इसमें देश-विदेशों के 300 से अधिक विद्वानों ने विभिन्न विषयों पर शोध पत्र पढ़कर देश की जनसंख्या, स्वास्थ्य और विकास पर मंथन किया। संदीप ने अपना शोध पत्र हिमाचल में बच्चों के स्वास्थ्य के विभिन्न मुद्दों पर पेश किया। सभी प्रतिभागियों ने हिमाचल के कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बच्चों के स्वास्थ्य के आंकड़ों को जाना। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग विषयों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। इस बार इंडियन एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ पॉपुलेशन आंध्रा विवि विशाखापट्टनम से उन्हें निमंत्रण मिला था। उनके शोध पत्र की विशेषता पर ही उनका चयन हुआ।