आयुर्वेदिक अस्पताल बड़सर का निर्माण कार्य अधर में
तीन वर्षों में नहीं हो पाया भवन की दूसरी मंजिल का निर्माण, दूसरी मंजिल पर खर्चे सात लाख
अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर(हमीरपुर)। आयुर्वेदिक अस्पताल भवन बड़सर का निर्माण कार्य तीन साल से अधर में लटका हुआ है। भवन की दूसरी मंजिल के निर्माण के लिए सात लाख की राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन भवन पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हुआ है। भवन निर्माण कार्य में दरवाजे, खिड़कियां, ग्रिल व सफेदी आदि का कार्य किया जाना अभी शेष है। भवन निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा मुहैया हो पाएगी। ग्रामीणों ने भवन निर्माण का कार्य जल्द पूरा करने की मांग उठाई है।
उपमंडलीय आयुर्वेदिक भवन बड़सर की दूसरी मंजिल के निर्माण के लिए 7.22 लाख की राशि मंजूर हुई थी। इस भवन का निर्माण बिझड़ी ब्लॉक द्वारा किया जा रहा है। भवन निर्माण को पहली किस्त में 3.61 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई। इसके बाद 3.61 लाख की राशि दूसरी किस्त में आई। इसके तहत भवन के निर्माण में दीवारें खड़ा करने के अलावा लेंटल, प्लास्टर आदि कार्य पूरा हो पाया है, लेकिन भवन में दरवाजे, खिड़कियां, सफेदी आदि का कार्य नहीं किया गया। भवन के लिए मंजूर बजट लगभग खर्च हो गया है। मौजूदा समय में उपमंडलीय कार्यालय व रोगियों की जांच आदि कार्य तीन कमरों में चलाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों नरेश कुमार, संजय कुमार, अनंत राम, पुरषोतम चंद, रूलिया राम, जगदेव चंद, प्रीतम चंद ने भवन का शेष कार्य पूरा करने की मांग की है। उपमंडलीय आयुर्वेद चिकित्सक गोविंद शर्मा का कहना है कि भवन का लेंटल, प्लास्टर आदि कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन दरवाजे, खिड़कियां व सफेदी आदि कार्य किया जाना शेष है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य शीघ्र करने बारे संबंधित विभाग को लिखा जा चुका है।