भोरंज (हमीरपुर)। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी के निशुल्क आवासीय विद्यालय में कक्षा छठी के प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आगामी 10 फरवरी को सुबह साढ़े ग्यारह बजे प्रत्येक खंड स्तर पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से 25 नवंबर तक भरे जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए हमीरपुर जिला के किसी भी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं ही पात्र हैं।
अभ्यर्थी की जन्म तिथि एक मई 2005 से पहले तथा 30 अप्रैल 2009 के बाद की नहीं होनी चाहिए। आवेदन पत्रों को ऑनलाइन माध्यम द्वारा अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर है। ऑनलाइन आवेदन के एडमिट कार्ड कॉमन सर्विस सेंटर के कार्यालय से 15 जनवरी 2018 के बाद डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र भरने के लिए अभ्यर्थियों को उनके संबंधित स्कूल के मुख्याध्यापक द्वारा भरा हुआ प्रमाणपत्र कॉमन सर्विस सेंटर के कार्यालय में साथ ले जाना होगा। नवोदय विद्यालय डूंगरी के प्राचार्य सुधिस्टर साहू ने कहा कि विद्यालय समिति की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में पेश आ रही कठिनाइयों के समाधान के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन के लिए प्रॉस्पेक्टस वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं, उन्हें अलग से फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है।