हमीरपुर। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के भवन की हालत खस्ता हो गई है। अस्पताल की दीवारों पर सीलन और छज्जों से प्लास्टर के टुकड़े गिर रहे हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों लोग उपचार के लिए आते हैं। वहीं अस्पताल में दो सौ के करीब स्टाफ सदस्य भी मौजूद हैं। ऐेसे में प्लास्टर का टुकड़ा कभी भी किसी व्यक्ति पर गिर सकता है। वहीं अस्पताल की दीवारों पर भी सीलन है। जो अस्पताल के सौंदर्य को ग्रहण लगा रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय-समय पर अस्पताल के भवन की रिपेयर करवाई जाती है, लेकिन उचित रखरखाव न होने के कारण अस्पताल की दीवारों पर सीलन आ रही है।
अस्पताल के बाहर स्टाफ के लिए मौजूद पार्किंग के साथ लगते छज्जे से भी एक प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय पार्किंग में कोई नहीं था। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन व स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष व्यक्त किया है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से अस्पताल भवन का उचित रखरखाव करने की मांग की है। उधर, एमएस डॉ. अर्चना सोनी का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के कार्य के कारण अस्पताल में तोड़-फोड़ की जा रही है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के साथ-साथ अस्पताल की रिपेयर का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।