बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध बकरा स्थल पर बंधे हुए बकरे। संवाद
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेलों के उपरांत भी सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मन्नत पूरी होने पर मंदिर में बकरे चढ़ाने की परंपरा है। प्राचीन समय से ही मंदिर में लाखों श्रद्धालु बकरों को चढ़ाते हैं। मंदिर में चढ़ाए गए बकरों से मंदिर बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये की आय हो रही है। वर्ष 2025 में चार माह के भीतर ही मंदिर में चढ़़ाए गए बकरों से न्यास को 76,08,800 रुपये की आय हुई है। मंदिर न्यास की ओर से खुली बोली लगाकर बकरों को नीलाम करके आय को बाबा के खजाने में जमा किया जाता है। मंदिर में चढ़ाए गए बकरों की बलि नहीं दी जाती है। मंदिर में चढ़ाए गए बकरों की देखरेख के लिए न्यास की ओर से अलग-अलग कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। कर्मचारी बकरों के खाने से लेकर दाने, पानी और स्वास्थ्य की देखभाल करते हैं। नीलामी के दौरान हुई आय को मंदिर के विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर खर्च किया जाता है।
हर वर्ष श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर में मन्नत पूरी होने पर बकरा चढ़ाते हैं। वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए श्रद्धालु बालयोगी के दरबार में बकरा चढ़ा रहे हैं। इस बार चार माह तक बकरों की नीलामी से न्यास को 76,08,800 रुपये की आय हुई है।
-राजेंद्र गौतम, न्यास अधिकारी एवं एसडीएम बड़सर