हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत बजूरी रिड़ा गांव में तीन मई को नवविवाहिता आत्महत्या मामले को लेकर अभी तक की गई पुलिस की कार्रवाई से परिजन संतुष्ट नहीं हैं। इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने के लिए मायके पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था।
तीन मई को शिवानी (26) निवासी बजूरी रिड़ा फंदे से झूल गई थी। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर टांडा में उसका पोस्टमार्टम करवाया और महिला के गले पर लगे निशान के हिसाब से पाया कि महिला ने फंदा लगाकर जान दी है। इसके तीन दिन बाद तक भी पुलिस थाना में केस दर्ज न होने के चलते बीते सोमवार को मायके पक्ष की ओर से आए चार दर्जन ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया और ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज करवाया। मृतक के परिजनों सहित शुक्रवार को पंचायत उपप्रधान चंबोह केहर सिंह और अन्य ग्रामीणों ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उपप्रधान केहर सिंह ने कहा कि एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है, शीघ्र जांच पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।