हमीरपुर। जिले में उद्योग लगाने के लिए विभाग के पास 15 और आवेदन आए हैं। उद्योग विभाग की आयोजित होने वाली बैठक में इन उद्योगों को खोलने की अनुमित दी जाएगी। इससे बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत विभाग उद्योग खोलने के लिए सब्सिडी प्रदान करेगा।
इससे पहले विभाग की आयोजित बैठक में 15 उद्योगों को खोलने के लिए अनुमति प्रदान की गई थी। विभाग की यह बैठक उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित की जाती है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना का लाभ लेने के लिए युवा वर्ग बढ़-चढ़कर आगे आ रहा है। प्रदेश सरकार कि यह योजना युवा वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही है। विभाग की ओर से 18 से 35 वर्ग के युवाओं और युवतियों को उद्योग लगाने के लिए 25 से 30 फीसदी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इसमें युवाओं को 40 लाख रुपये की मशीनरी तक 25 फीसदी और महिला उद्यमियों को 30 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके साथ 40 लाख रुपये पर 3 साल के लिए 5 फीसदी ब्याज सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस संबंध में जिला उद्योग विभाग हमीरपुर के महाप्रबंधक विजय चौधरी ने कहा कि उद्योग लगाने के लिए 15 और नए आवेदन आए हैं। आगामी बैठक में इन उद्योगों को खोलने के लिए अनुमित प्रदान की जाएगी। विजय ने युवा वर्ग से आह्वान किया है वह अधिक से अधिक इस योजना का लाभ लें।