सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के एक व्यक्ति ने वीरवार देर रात पुलिस विभाग को फोन करके खूब छकाया। अपना नाम और पता सही न बताते हुए उसने सबसे पहले अपनी शिकायत थाना सुजानपुर में की। इसके साथ ही उसने पुलिस हेड क्वार्टर धर्मशाला, जिला हेड क्वार्टर हमीरपुर के साथ-साथ 108 हेल्पलाइन सोलन में भी फोन करके सबको परेशान किया। नशे की हालत में उस व्यक्ति ने थाना में फोन किया और कहा कि मैंने गलती से जहर खा लिया है। अब मैं बचने वाला नहीं हूं।
ऐसी बात करके उस व्यक्ति ने अपना फोन काट दिया। फोन पर ऐसी सूचना मिलते ही सुजानपुर थाना की टीम हरकत में आई और कार्रवाई शुरू कर दी। सही नाम पता न होने के बावजूद पुलिस ने जिस नंबर से फोन आया था उसे ट्रैकिंग मोड पर रखा। फोन करने वाले व्यक्ति का पता कर पुलिस उसके घर पहुंची। हेड कांस्टेबल अनूप कुमार ने बताया कि मदन लाल निवासी बीड़ बगेड़ा का रहने वाला है। आरोपी व्यक्ति ने नशे की हालत में पूरे गांव के लोगों को परेशानी में डाल रखा था। गाली गलौज और हुड़दंगबाजी का सिलसिला इस कदर हावी था कि पुलिस के बार बार समझाने के बाद भी वह नहीं माना। घर में अकेला होने के चलते कोई भी पारिवारिक सदस्य उसे समझाने वाला नहीं था। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया। थाना प्रभारी सुजानपुर श्यामलाल ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज करके देर रात गिरफ्तार कर लिया है।