हमीरपुर। जिला के सभी सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों में कक्षा प्रथम से दसवीं तक पढ़ने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों और कक्षा नौंवी और दसवीं में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को छात्रवृत्ति मिलेगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक देशराज भड़वाल ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय की छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों को ही मिलेगी जो पिछली कक्षा में 50 फीसदी या इससे अधिक अंकों में उत्तीर्ण हुए होंगे और उनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम होगी।
जो विद्यार्थी 40 फीसदी विकलांग होंगे उन विद्यार्थियों को ही छात्रवृत्ति मिलेगी। इस छात्रवृत्ति के लिए जिला के सभी सरकारी और निजी स्कूलों से आवेदन मांगे गए हैं। देशराज ने कहा छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर रखी गई है। उन्होंने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि छात्रवृत्ति संबंधित सूचना स्कूल के सूचना पट पर जल्द लगाएं। इसके अलावा अस्वच्छ व्यवसाय से संबंधित अभिभावकों के बच्चों को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों के सभी दस्तावेज 15 अगस्त तक संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापक उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा हमीरपुर के कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें।