हमीरपुर। मापतोल विभाग ने जिला के कई स्थानों में मुनाफाखोरी पर लगाम कसने के लिए दुकानों का निरीक्षण कर 11 चालान किए हैं। इस दौरान विभाग के निरीक्षकों ने कुल 54 निरीक्षण किए हैं। इस दौरान 11 दुकानदार मुनाफाखोरी करते हुए पाए गए और विभाग के निरीक्षकों ने उनके चालान किए हैं। चालान कर विभाग ने तिथि और मूल्य अंकित न होने वाले कुछ पैकेट जब्त भी किए हैं। अब विभाग द्वारा जल्द ही इन चालानों की जुर्माना राशि का निर्धारण किया जाएगा। निर्धारण के मौके पर ही दुकानदारों को जुर्माना राशि का भुगतान करना होगा।
विभाग के निरीक्षकों ने धनेड़, गलोड़, हड़ेटा और जिला मुख्यालय में दुकानों का निरीक्षण किया है। इस दौरान विभाग ने 11 दुकानदारों के चालान किए हैं। इनमें से विभाग ने शार्ट पेमेंट का एक, नॉन स्टैंडर्ड वाट के प्रयोग का एक, मापतोल यंत्रों का सत्यापन न करने के तीन, पैकेट में तिथि और मूल्य अंकित न होने के चार, वजन कम होने का एक और मापतोल यंत्रों के दसवें भाग तक सत्यापित वाट न रखने का एक चालान किया है। विभाग के निरीक्षक मुनाफाखोरी पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय हैं। विभाग आए दिन जिलाभर की दुकानों में औचक निरीक्षण कर मुनाफाखोरी के चालान कर रहा है। विभाग के निरीक्षक बीसी आर्य का कहना है कि धनेड़, गलोड़, हड़ेटा आदि कस्बों में निरीक्षण कर मुनाफाखोरी के 11 चालान किए गए हैं। विभाग द्वारा जल्द ही जुर्माना राशि का निर्धारण किया जाएगा।