हमीरपुर। यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत जिला के दो हजार परिवारों ने कार्ड बना लिए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में इन कार्डों को बनवाने के लिए रोजाना सैकड़ों लोग आ रहे हैं। इस योजना के तहत कार्ड बनाने के लिए एक परिवार की 365 रुपये फीस लग रही है। इस कार्ड के बनने से हर वर्ग के परिवार को अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इसमें किसी विशेष वर्ग ही नहीं बल्कि हर परिवार को शामिल किया गया है। यह स्कीम बीते वर्ष लांच हुई थी लेकिन इसके तहत कार्ड बनने की प्रक्रिया जिला हमीरपुर में हाल ही में शुरू हुई है।
आगामी वर्ष में इस कार्ड को रिन्यू करवाने के लिए लोग इस कार्ड के नंबर पर 365 रुपये का ऑनलाइन रिचार्ज करवा सकते हैं। ऑनलाइन रिचार्ज से यह पैसे विभाग को ट्रांसफर हो जाएंगे और लोगों का कार्ड का लाभ अगले वर्ष भी मिलना शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को बार बार अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिला में स्वास्थ्य विभाग गांवों और पंचायत स्तर पर इसके लिए शिविर लगाकर लोगों के कार्ड बनाएगा। इन शिविरों के दौरान जो लोग कार्ड बनवाने से वंचित रह जाएंगे उन्हें अस्पताल में आकर ही कार्ड बनवाना पड़ेगा। हर वर्ग के लोग चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, बीपीएल, एपीएल या अन्य किसी वर्ग से हों इस योजना का लाभ ले सकते हैं। जिला समन्वयक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सोनिका ठाकुर का कहना है कि जिला हमीरपुर के दो हजार परिवारों ने यह कार्ड बनवा लिए हैं। रोजाना सैकड़ों लोग इन कार्डों को बनवाने के लिए अस्पताल आ रहे हैं।