हमीरपुर। खाद्य आपूर्ति विभाग ने भोटा कस्बा में तीन दुकानदारों के चालान काट 9925 रुपये जुर्माना वसूला है। विभाग ने इनमें से दो चालान दुकानों में रेट लिस्ट न लगाने और एक चालान पॉलिथीन का प्रयोग करने के लिए किया है। विभाग के निरीक्षक ने भोटा कस्बा में औचक निरीक्षण कर दोषी पाए गए तीन दुकानदारों के चालान किए हैं। दुकानदारों ने मौके पर ही जुर्माना राशि का भुगतान कर दिया है। दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने की हिदायत दी है।
उपभोक्ताओं को उचित गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए विभाग के निरीक्षक रोजाना विभिन्न कस्बों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षक रेट लिस्ट न लगाने वाले दुकानदारों और प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले दुकानदारों पर अधिक शिकंजा कस रहे हैं। इसी कड़ी में डेढ़ सप्ताह पहले जिला मुख्यालय में 14 दुकानदारों के चालान कर विभाग ने करीब 38 हजार का जुर्माना वसूला था। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान का कहना है कि भोटा में तीन दुकानदारों के चालान कर विभाग ने 9925 रुपये बतौर जुर्माना राशि वसूले हैं। उन्होंने दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने और प्लास्टिक का प्रयोग न करने के निर्देश दिए हैं।