हमीरपुर। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में वीरवार को जिला स्तरीय आठवां मतदाता दिवस मनाया गया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रतन गौतम ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2011 से आयोजित किया जा रहा है तथा हर वर्ष 25 जनवरी को यह पूरे भारत वर्ष में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके आयोजन का मुख्य उद्देश्य मजबूत लोकतंत्र के लिए अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक कर मतदान में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करना है।
इससे पहले एडीएम ने दीप प्रज्वलित पर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एडीएम ने उपस्थित सभी लोगों को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखने, लोकतांत्रिक मर्यादाओं को बनाए रखने व निडर होकर किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। एडीएम ने इस अवसर पर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों के 12 नए मतदाताओं को नए मतदाता कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं मतदान की महत्ता को दर्शाते हुए शिक्षाप्रद नाटक प्रस्तुत कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। मुख्यातिथि ने जिला स्तर पर मत की महत्ता पर आधारित आयोजित की गई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम तथा राज्य स्तर पर आयोजित हुई ऐसी ही क्विज प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहने वाले बाल स्कूल हमीरपुर के छात्र निखिलेश तथा अंकित शर्मा की टीम को 15 हजार रुपये की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में हिम अकादमी पब्लिक स्कूल हीरानगर की करीना, कन्या स्कूल हमीरपुर की अंजलि ठाकुर तथा बाल स्कूल हमीरपुर के मोहन को क्रमश प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने पर इनाम देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार निर्वाचन दीपक महाजन, सहायक आयुक्त अनुपम ठाकुर, तहसीलदार मित्रदेव, डीआईओ विनोद गर्ग, डीपीआरओ विनय शर्मा, बसल स्कूल की प्रधानाचार्य मंजु ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और छात्र मौजूद रहे।